Success Story: मां होने के साथ संभाली घर की जिम्मेदारी, कड़ी मेहनत से पास की UPSC..बनीं आईएएस

Success Story Of IAS Topper Pushplata: संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा के लिए हर साल लाखों युवा तैयारी करते हैं। वहीं, भारत में खासतौर पर लड़कियों की शादी होने के बाद उन्हें घर की जिम्मेदारी सौंप दी जाती है। ऐसे में घर की जिम्मेदारियों के साथ लड़कियों के लिए सिविल सेवा को क्रैक करना और भी मुश्किल हो जाता है। हालांकि, कुछ लड़कियां शादी होने के बाद भी अपने सपनों से समझौता नहीं करती और लक्ष्य को पाने के लिए दिन-रात मेहनत करने के लिए तैयार रहती हैं। आज हम आपको पुष्पलता की कहानी बताने जा रहे हैं, जिन्होंने सिविल सेवा की तैयारी तब शुरू की, जब उनकी शादी हो गई थी और वह दो साल के बेटे की मां थी।
IAS अधिकारी पुष्पलता मूलरूप से हरियाणा के रेवाड़ी के खुशबुरा गांव की रहने वाली हैं। उन्होंने बैचलर ऑफ साइंस में ग्रेजुएशन की। इसके बाद उन्होंने एमबीए की पढ़ाई पूरी की। वहीं, पढ़ाई पूरी होने के बाद उन्होंने निजी क्षेत्र में भी काम किया। लेकिन उस काम से उन्हें खुशी नहीं मिल रही थी। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि निजी क्षेत्र में काम करते हुए उन्हें महसूस हुआ कि वह अपनी पूरी क्षमताओं का इस्तेमाल नहीं कर पा रही हैं। इसलिए उन्होंने आईएएस बनने का फैसला लिया। साल 2011 में पुष्पलता की शादी हो गई थी। उन्होंने दो साल के बेटे की जिम्मेदारियों के साथ- साथ सिविल सेवा परिक्षा की तैयारी शुरू की थी।
पुष्पलता ने साल 2017 में कड़ी मेहनत के बाद यूपीएससी परीक्षा पास की। उन्होंने बताया कि कभी-कभी उनका बेटा उनकी गोद में सोया हुआ रहता था। फिर भी वह लगातार अपनी तैयारियों में जुटी रहती थीं। सभी परेशानियों और जिम्मेदारियों के साथ उन्होंने 80वीं रैंक हासिल कर एक सफल आईएएस अधिकारी बनीं। पुष्पलता के पति एक डॉक्टर हैं, वह उनके लिए मोटिवेशन थे। वह कहती हैं, “उन्होंने हमेशा मेरा सपोर्ट किया और मुझे चेलेंज के लिए मोटिवेट किया। पुष्पलता कहती हैं कि बिना कोचिंग के सेल्फ स्टडी के दम पर भी आप इस परीक्षा की तैयारी कर सकते हैं। आपको सभी महत्वपूर्ण रिर्सोस ऑनलाइन मिल जाते हैं। इंटरनेट आपकी तैयारी में अहम रोल अदा कर सकता है। आपको प्री से लेकर मेन्स और इंटरव्यू तक सबकी तैयारी का मैटेरियल ऑनलाइन मिल जाता है।